महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर, उत्तराखंड में बढ़ सकती है सक्रियता

0
492

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है. झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को अब महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है. बीते महीने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने इस्तीफे की पेशकश की थी. तब भगत सिंह कोश्यारी ने कहा था कि वो अब अपना शेष जीवन पढ़ने, लिखने और अन्य इत्मीनान की गतिविधियों में बिताना चाहते हैं. आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर कर लिया है.

भगत सिंह कोश्यारी के साथ ही 12 राज्यों के राज्यपाल और उपराज्यपाल बदले गये हैं. जिनमें लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्ण माथुर का इस्तीफा भी स्वीकार किया गया है. अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल बीडी मिश्रा लद्दाख के उपराज्यपाल बनाए गए हैं. पूर्व वित्त राज्यमंत्री मंत्री शिवप्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल, तो राजस्थान के कद्दावर नेता गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाया गया है.

भगत सिंह कोश्यारी का जन्म 17 जून 1942 को कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक में हुआ. भगत सिंह कोश्यारी ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा अल्मोड़ा में पूरी की. जिसके बाद उन्होंने आगरा विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में डिग्री हासिल की. भगत सिंह कोश्यारी पढ़ाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गये थे. साल 2000 में भगत सिंह कोश्यारी को उत्तराखंड का ऊर्जा, सिंचाई, कानून और विधायी मामलों का मंत्री बनाया गया. 2001 में भगत सिंह नित्यानन्द स्वामी के बाद मुख्यमंत्री बने. जिसके बाद साल 2005 से 2007 तक भगत सिंह कोश्यारी उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे, तब मातबर सिंह कंडारी विपक्ष के नेता थे 2008 में भगत सिंह कोश्यारी को उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद चुना गया. जहां 2014 तक उन्होंने अपनी सेवाएं दी. 16वीं लोकसभा में नैनीताल-उधमसिंह नगर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद भी रहे. 31 अगस्त 2019 को उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया. जिससे उन्होंने आज इस्तीफा दे दिया है

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here